देश

नए ASR एयरपोर्ट पर शर्मनाक हरकत! फव्वारों में नहाए लोग, सजावटी पौधे उखाड़कर ले गए; वीडियो वायरल

भोगापुरम। आंध्र प्रदेश के भोगापुरम में हाल ही में शुरू हुए अत्याधुनिक अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग एयरपोर्ट परिसर के फव्वारों में नहाते और सजावटी पौधों को उखाड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारी (सिविक सेंस) को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।

वायरल वीडियो में कुछ लोग एयरपोर्ट के भीतर बने सजावटी फव्वारों में उतरकर पानी में मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में कुछ लोग लॉन में लगे सजावटी पौधों और गमलों को उखाड़कर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट देखने पहुंचे कुछ लोगों ने टर्मिनल परिसर को पिकनिक स्पॉट की तरह इस्तेमाल किया।

इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। कई यूजर्स का कहना है कि आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी उतनी ही जरूरी है।

एक यूजर ने टिप्पणी की कि यदि ऐसे हालात रहे तो सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ेगी। वहीं, कई लोगों ने स्कूलों में सिविक सेंस और नागरिक कर्तव्यों से जुड़े पाठों को अधिक प्रभावी ढंग से पढ़ाने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने की मांग की।

सोशल मीडिया पर लोगों ने एयरपोर्ट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन से घटना की जांच कर संबंधित लोगों की पहचान करने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से विकसित विश्वस्तरीय सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।

Related Articles

Back to top button