देश

दतिया उपचुनाव में हार पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समीक्षा समिति गठित की

भोपाल।मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस हार के कारणों का विश्लेषण करने के लिए पार्टी ने दो सदस्यीय समिति का गठन किया है जो अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी।
भोपाल, चार अगस्त मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के अगले दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पार्टी संगठन और सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक की, जिसके बाद हार की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि प्रदेश पार्टी महामंत्री गौरव रणदीवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को समिति का सदस्य बनाया गया है। बयान के मुताबिक समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनावी हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और अपने निष्कर्षों की रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंपेगी।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया है। सोमवार को मतगणना के बाद घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

भाजपा ने इस उपचुनाव में छह बार के विधायक नरोत्तम मिश्रा की जगह तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। राज्य के प्रमुख क्षेत्रीय नेताओं में शुमार मिश्रा को टिकट नहीं देने के भाजपा के फैसले के खिलाफ उनके गृह जिले दतिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ था। मिश्रा ने अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में डबरा (ग्वालियर जिला) से तीन विधानसभा चुनाव और दतिया से इतने ही चुनाव जीते हैं।राज्य के पूर्व गृह मंत्री मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने 10-11 जुलाई को दतिया में एक महत्वपूर्ण राजमार्ग को 12 घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध कर दिया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिस के साथ झड़प की, जिसमें जिला पुलिस अधीक्षक और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में तिवारी ने उपचुनाव में कुछ पार्टी नेताओं की ओर से भीतरघात किये जाने की शिकायत की। सूत्रों के अनुसार तिवारी ने अपनी शिकायतों के साथ सबूत के रूप में कुछ वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपे है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र लोधी, तुलसी सिलावट, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भरत कुशवाहा समेत संगठन से जुड़े कुछ अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। खंडेलवाल ने उपचुनाव परिणाम आने के बाद सोमवार को कहा था कि समीक्षा में अनुशासन को सर्वोपरि रखा जाएगा और उसके निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button