छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

बीरगांव नगर पालिका चुनाव की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी, सात सदस्यीय चुनाव समिति गठित

रायपुर/बीरगांव। आगामी बीरगांव नगर पालिका चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनाव की तैयारियों और प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी ने सात सदस्यीय प्रत्याशी चयन एवं मूल्यांकन समिति का गठन किया है। 18 नवंबर 2026 को जारी संगठनात्मक आदेश के तहत गठित इस समिति की जिम्मेदारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमानंद जांगड़े को सौंपी गई है।

प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत की मंशा के अनुरूप तथा लोकसभा प्रभारी अजीम खान की सहमति से गठित समिति में इमरान खान, नंदन सिंह, डॉ. विजय देवांगन, कलावती मार्को, एडवोकेट आर.एस. ठाकुर और श्याम शर्मा को शामिल किया गया है।

परमानंद जांगड़े के नेतृत्व में समिति बीरगांव नगर पालिका के सभी वार्डों का दौरा कर संभावित प्रत्याशियों का मूल्यांकन करेगी। प्रत्याशी चयन में स्थानीय जनसमर्थन, सामाजिक स्वीकार्यता, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता, जनसेवा का अनुभव, स्वच्छ छवि और वार्ड स्तर पर सक्रियता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों से चर्चा कर प्रत्याशियों के नाम जिला एवं प्रदेश नेतृत्व को भेजे जाएंगे।

इसी क्रम में पार्टी ने वार्ड स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की राय लेकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू की है। 22 नवंबर को राजीव गांधी वार्ड क्रमांक-05 में आयोजित जनसंवाद चौपाल में वार्डवासियों ने अपनी समस्याएं और विचार रखे। चर्चा के बाद स्थानीय लोगों ने ध्रुव चंद्रवंशी को अपना प्रत्याशी चुना।

इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता सूरज उपाध्याय, लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान, चुनाव समिति प्रमुख परमानंद जांगड़े सहित श्याम शर्मा, विजय देवांगन और नंदन सिंह उपस्थित रहे।

पार्टी की ओर से 24 नवंबर 2026 को बीरगांव के इतवारी बाजार में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की जाएगी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक बिजली, पेयजल, नाली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जनसंवाद के माध्यम से स्थानीय जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button