छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सड़क हादसे में घायलों से मिले पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

रायपुर। रायपुर से चैतुरगढ़ घूमने जा रहे रामकुंड आश्रम के युवाओं की वैन दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक विकास उपाध्याय घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉ. सुरेंद्र शुक्ला अस्पताल एवं अग्रवाल अस्पताल पहुंचकर भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दुर्घटना में रामकुंड आश्रम में रहने वाले 10 युवा घायल हुए हैं। विकास उपाध्याय ने अस्पताल में भूपेंद्र यादव, अनिश यादव, गरिमा कश्यप, प्रेक्षा यादव, मानस यादव और सिया तिवारी सहित अन्य घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से भी चर्चा की और सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस दर्दनाक हादसे में युवती काजल साहू के निधन की खबर से गहरा दुख व्यक्त करते हुए विकास उपाध्याय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।

विकास उपाध्याय ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सभी को समुचित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों से घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रखने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button