
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब डेढ़ साल से लापता ऑटो चालक की तलाश कर रहे परिजनों को अब उसकी मौत की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, ऑटो चालक की घटना वाले दिन ही मौत हो गई थी। उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद शव की पहचान नहीं होने पर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने और परिजनों द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बावजूद पुलिस को परिवार तक पहुंचने में करीब डेढ़ साल कैसे लग गए?

14 जून 2025 को ऑटो लेकर निकला था घर से
ली जानकारी के अनुसार, प्रमोदकुमार शुक्ला सवारी ऑटो चलाता था और ऑटो भी उसका स्वयं का था। वह 14 जून 2025 को रोजाना की तरह अपना ऑटो लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद उसकी पत्नी ने थाना डीडीनगर, रायपुर में गुम इंसान की सूचना दर्ज कराई थी। इसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।
18 नवंबर 2026 को पुलिस का आया फोन
18 नवंबर 2026 को दोपहर बाद प्रमोदकुमार की पत्नी, जो रायपुर में अधिवक्ता हैं, के मोबाइल पर थाना गोलबाजार से फोन आया। पुलिस ने उन्हें बताया कि उनके पति के लापता ऑटो के मिलने की जानकारी मिली है और तत्काल थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात करें।
सूचना मिलने के बाद पत्नी उसी दिन शाम करीब 6 बजे थाना गोलबाजार पहुंचीं। वहां उन्हें बताया गया कि प्रमोदकुमार घटना वाले दिन ही लावारिस हालत में मृत पाए गए थे। उनका पोस्टमार्टम कराया गया था, जिसमें मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया। परिजनों की पहचान नहीं हो पाने के कारण बाद में उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
कपड़ों से हुई मृतक की पहचान
थाने में मृतक के पहने हुए कपड़े दिखाए जाने पर पत्नी ने अपने पति की पहचान की। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि आवश्यक दस्तावेज उनके घर पहुंचा दिए जाएंगे और ऑटो भी दो-तीन दिनों में सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें थाने से वापस भेज दिया गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
परिजनों के मुताबिक, प्रमोदकुमार की तलाश में उनकी पत्नी कई बार थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और मेकाहारा अस्पताल तक पहुंचीं। वह अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ लगातार पति के बारे में जानकारी मांगती रहीं। हर बार उन्हें आश्वासन दिया जाता रहा कि पता चलते ही सूचना दे दी जाएगी।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर पर दर्ज पते, थाने में पहले से दर्ज गुमशुदगी की सूचना और परिजनों की लगातार तलाश के बावजूद पुलिस परिवार को समय रहते सूचना क्यों नहीं दे सकी?
वरिष्ठ अधिवक्ता के पुत्र थे प्रमोदकुमार
बताया गया है कि प्रमोदकुमार शुक्ला के पिता गणेश शंकर शुक्ला भी वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। इसके बावजूद परिवार को अपने सदस्य की मौत की जानकारी मिलने में करीब डेढ़ साल लग जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और जिम्मेदारी तय करने के लिए कोई जांच होती है या नहीं।





