छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

कवर्धा के गांवों को 74.80 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम बंदौरा, ठकुराइनटोला और नयापारा में जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी मांगें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 74.80 लाख रुपये देने की घोषणा की। बंदौरा में सड़क की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को फोन कर सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश भी दिए।

ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने गांवों में बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। ग्रामीणों की मांगों के आधार पर निर्माण कार्यों की घोषणा की गई।

बंदौरा में इन कार्यों की हुई घोषणा

ग्राम बंदौरा में विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं की गईं। इनमें वार्ड क्रमांक 10 में कबीर कुटी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये और नवधा मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण तथा गांव में शेड निर्माण के लिए कुल 18 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

ठकुराइनटोला और नयापारा को भी मिलेगी सुविधा

ग्राम ठकुराइनटोला में 7.80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और मुक्तिधाम के लिए 6 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम नयापारा पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा हुई।

इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

खराब सड़क की शिकायत पर अधिकारी को किया फोन

बंदौरा में ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री के सामने अपनी परेशानी रखी। शिकायत सुनने के बाद विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारी से फोन पर चर्चा की और सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही।

शिक्षा, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और किसानों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है और उसके भवन का निर्माण जारी है। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए बिलासपुर और रायपुर रोड से प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने भोरमदेव मंदिर के विकास के लिए 146 करोड़ रुपये के कार्यों का भी उल्लेख किया। शिक्षा के क्षेत्र में कवर्धा विधानसभा के 85 हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की सुविधा विकसित की जा रही है। इनमें 50 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में इन्हें लगाने की योजना है।

किसानों और ग्रामीण महिलाओं के लिए भी योजनाएं

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

इसके साथ ही गांवों में महतारी सदन बनाने का काम भी आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button