देश

UP Election 2027: जनवरी में हो सकता है पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 22 फरवरी के बाद मतदान की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस बार पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 जनवरी 2027 के आसपास हो सकती है। वहीं, मतदान की शुरुआत 22 फरवरी के बाद होने की संभावना जताई जा रही है।

जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन राज्यों में 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यूपी बोर्ड परीक्षा और माघ मेले को ध्यान में रखेगा आयोग

उत्तर प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम तैयार करते समय निर्वाचन आयोग के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। इनमें यूपी बोर्ड की परीक्षाएं और प्रयागराज का माघ मेला प्रमुख हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। वहीं, माघ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी अतिरिक्त दबाव रहता है।

ऐसे में आयोग परीक्षा कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन और चुनावी तैयारियों के बीच तालमेल बनाकर मतदान की तारीखें तय कर सकता है।

15 दिसंबर तक पूरा हो सकता है अधिकारियों का दौरा

चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग की टीमें संबंधित राज्यों का दौरा कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। इसे 15 दिसंबर 2026 तक पूरा किए जाने की उम्मीद है।

इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू हो सकता है। इस प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगने का अनुमान है।

कई चरणों में हो सकता है यूपी में मतदान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए मतदान कई चरणों में कराया जा सकता है। इसी वजह से राज्य में चुनाव प्रक्रिया अन्य राज्यों की तुलना में लंबी रहने की संभावना है। फिलहाल सभी की नजरें निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button