देश

झारखंड में दो बड़े सड़क हादसे, लातेहार में 6 की मौत; कोडरमा में 3 श्रद्धालुओं ने गंवाई जान

लातेहार/कोडरमा। झारखंड में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित लुकुईया घाटी में शाम करीब पांच बजे एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार और टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

कोडरमा में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 3 की मौत

इससे पहले कोडरमा जिले के सतगावां में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। गया-देवघर मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब चार बजे कांवरियों से भरी बस और सड़क किनारे खड़े ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक 10 वर्षीय बच्चे समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

10 घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर

हादसे में मृतकों की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार और उसके रिश्ते के दादा-दादी के रूप में हुई है। बस में सवार 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया।

बताया गया कि नेपाल के रौतहट जिले से 45 कांवरियों का दल वैद्यनाथ धाम में दर्शन के बाद राजगीर जा रहा था।

चालक को आई झपकी, ट्रक में जा घुसी बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस लगातार रातभर सफर कर रही थी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई। इसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मारते हुए घुस गई।

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 10 वर्षीय शिवम कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य श्रद्धालुओं की सदर अस्पताल कोडरमा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

लगातार हुए इन सड़क हादसों से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button