क्राइमछत्तीसगढ़राज्यरायपुर

होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ीं, कोरबा में एक और FIR की शिकायत; कोयला ठेका दिलाने के नाम पर 27.90 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

रायपुर, बिलासपुर और सक्ती के बाद अब कोरबा में भी मामला पहुंचा पुलिस तक, चेक होल्ड मिलने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया गया आरोप

कोरबा/रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और सक्ती के बाद अब कोरबा जिले में भी उनके खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी से जुड़ी शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता अंकित सिंह ने कोयले का ठेका दिलाने के नाम पर 27 लाख 90 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में थाना दीपका पुलिस को लिखित आवेदन देकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

2020 में दर्ज हुआ था धोखाधड़ी का मामला

शिकायतकर्ता अंकित सिंह के अनुसार, उनके पिता महेंद्र सिंह के साथ वर्ष 2020 में 27 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। इस संबंध में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 160/2020 के तहत मामला दर्ज कराया गया था।

आरोप है कि बाद में दीपक टंडन ने समझौते के लिए शपथ पत्र दिया था। इसमें पांच लाख रुपये तत्काल देने और शेष रकम धीरे-धीरे वापस करने का भरोसा दिलाया गया था।

पांच लाख का चेक बैंक में मिला होल्ड

अंकित सिंह ने शिकायत में बताया कि 20 मई 2023 को उन्हें पांच लाख रुपये का चेक दिया गया था। लेकिन बैंक में जांच कराने पर चेक होल्ड पाया गया। इसके बाद जब उन्होंने रकम वापस मांगी तो 10 जुलाई 2024 को कटघोरा न्यायालय में पेशी के दौरान बैंक में पैसा जमा करने की बात कही गई थी।

बुधवारी चौक में बुलाकर धमकाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 10 जुलाई 2024 को शाम करीब चार बजे दीपक टंडन ने अपने परिचित के माध्यम से अंकित सिंह को दीपका के बुधवारी चौक बुलाया था। वहां बकाया रकम मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि दोबारा पैसे मांगने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी गई। घटना के बाद उन्होंने अपने पिता और साथी गौतम पोर्ते को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन भय के कारण उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की।

गिरफ्तारी की खबर के बाद शिकायतकर्ता ने उठाया कदम

अंकित सिंह के अनुसार, हाल ही में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर थाना दीपका में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अलग-अलग मामलों में पहले भी सामने आ चुके हैं आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले भी अलग-अलग जिलों में शिकायतें और FIR दर्ज होने की खबरें सामने आई हैं। इनमें जमीन एवं रेस्टोरेंट सौदे, वाहन बिक्री, कोयला टेंडर और अन्य विवादों से जुड़े आरोप शामिल हैं।

बिलासपुर में दर्ज एक मामले में AI की मदद से तस्वीर में कथित बदलाव कर आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया है। वहीं रायपुर में सरकारी सील तोड़ने, होटल परिसर में प्रवेश, जमीन एवं रेस्टोरेंट सौदे और फॉर्च्यूनर वाहन की बिक्री से जुड़े विवादों में भी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। सक्ती में भी सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया था।

फिलहाल कोरबा के दीपका थाने में दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button