छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग बस हादसे में मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक, घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

रायपुर। मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए दर्दनाक बस हादसे में 6 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को राज्य शासन की ओर से ₹5 लाख तथा प्रत्येक घायल को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, दुर्घटना में घायल यात्रियों का उपचार सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने, शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति देने और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button