छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

जल जीवन मिशन से ग्राम कचोरा में पहुँचा घर-घर शुद्ध पेयजल, 24 परिवारों को मिली राहत

सोलर आधारित टंकियों और 2,084 मीटर पाइपलाइन से बदली गाँव की तस्वीर, ‘हर घर जल उत्सव’ में ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

रायपुर । छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत महोरा के आश्रित ग्राम कचोरा में जल जीवन मिशन के माध्यम से पेयजल की समस्या का समाधान किया गया है। अब गाँव के सभी 24 परिवारों को घर पर ही नल से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

पहले गाँव की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पीने के पानी की व्यवस्था के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती थी। जल जीवन मिशन के तहत गाँव में लगभग 2,084 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई और 10 हजार लीटर क्षमता वाली दो सोलर आधारित पानी की टंकियों का निर्माण किया गया। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को नियमित पेयजल सुविधा मिलने के साथ समय और श्रम की बचत हो रही है।

योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद गाँव में ‘हर घर जल उत्सव’ आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामसभा में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और पानी का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संकल्प लिया। ग्रामीणों को जलापूर्ति व्यवस्था के निरंतर संचालन के लिए उसके रखरखाव और संरक्षण के महत्व की जानकारी भी दी गई।

योजना को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए स्थानीय स्तर पर पंप संचालन, रखरखाव, जल गुणवत्ता परीक्षण, निगरानी और प्रबंधन की जिम्मेदारियाँ तय की गई हैं। इससे ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाने की प्रतिबद्धता के अनुरूप ग्राम कचोरा में हुआ यह बदलाव ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जल जीवन मिशन ने न केवल पेयजल की उपलब्धता आसान बनाई है, बल्कि ग्रामीणों के जीवनस्तर में सुधार और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी योगदान दिया है।

Related Articles

Back to top button