
भूमि अधिकारों का संरक्षण, डिजिटल राजस्व सेवाओं का विस्तार और युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रदेश के जनजातीय समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से है। जनजातीय समाज का सम्मान, उनकी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और उनके अधिकारों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य जननायकों का योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।
भूमि अधिकारों की सुरक्षा के लिए आधुनिक राजस्व व्यवस्था
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि जनजातीय परिवारों के लिए भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उनकी पहचान, परंपरा और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। इसी उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन नामांतरण, ऑटो म्यूटेशन, ऑटो डायवर्सन और राजस्व ई-कोर्ट जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
भुइयाँ पोर्टल एवं व्हाट्सऐप चैटबॉट जैसी डिजिटल सुविधाओं से नागरिकों को राजस्व संबंधी जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। इन प्रयासों से विशेषकर दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले लोगों को समय और संसाधनों की बचत के साथ पारदर्शी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वन अधिकार मान्यता पत्रों से संबंधित प्रविष्टियों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने की व्यवस्था से पात्र हितग्राहियों के अधिकारों को अभिलेखों में सुरक्षित करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा और कौशल विकास से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश के जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा), सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अन्य शैक्षणिक पहलों के माध्यम से महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अधोसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से 90 दिन में 90 घंटे के अंग्रेजी सम्प्रेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी संवाद का आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
मंत्री ने कहा कि जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को उचित अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। हमारी कोशिश है कि आर्थिक, भौगोलिक या भाषाई परिस्थितियां किसी भी विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बनें।
संस्कृति और आधुनिक विकास का साथ-साथ संरक्षण
श्री वर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की भाषा, लोककला, परंपराएं और जीवनशैली छत्तीसगढ़ की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा, तकनीक और रोजगार से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज की बेटियों को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर मिलें, युवाओं को आगे बढ़ने का उचित मंच मिले और प्रत्येक परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके।
अंत में मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी को उनके सम्मान, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
जनजातीय समाज का गौरव, छत्तीसगढ़ का गौरव है। उनकी संस्कृति का संरक्षण, अधिकारों की सुरक्षा और युवाओं का सशक्त भविष्य ही समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ की पहचान बनेगा।




