छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

रायपुर स्वच्छता में प्रदेश में प्रथम, तो वार्डवार रिपोर्ट सार्वजनिक करे सरकार : विकास उपाध्याय

पूर्व विधायक ने स्वच्छता रैंकिंग पर उठाए सवाल, सर्वेक्षण के मानक, निरीक्षण रिपोर्ट और नागरिक संतुष्टि के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

रायपुर। रायपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने स्वच्छता रैंकिंग पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार और नगर निगम से वार्डवार स्वच्छता रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि अखबारों में प्रकाशित खबरों के अनुसार बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर पहला और बिलासपुर को दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए दोनों शहरों के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने मांग की कि रायपुर, बिल्हा और बिलासपुर की रैंकिंग की श्रेणियां और मूल्यांकन के मानक स्पष्ट किए जाएं।

उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी होने के कारण रायपुर की सफाई व्यवस्था पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण होनी चाहिए, लेकिन आज भी शहर के कई वार्डों में कचरे के ढेर, जाम नालियां और अनियमित सफाई आम लोगों की परेशानी बनी हुई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि स्वच्छता सर्वेक्षण करने वाली टीम किन वार्डों, बस्तियों और अंदरूनी गलियों तक पहुंची? कितने नागरिकों से फीडबैक लिया गया और उनकी शिकायतों को सर्वेक्षण में कितना महत्व दिया गया?

पूर्व विधायक ने राज्य सरकार और नगर निगम से स्वच्छता सर्वेक्षण की पूरी रिपोर्ट, रायपुर की राष्ट्रीय रैंकिंग, वार्डवार मूल्यांकन, निरीक्षण रिपोर्ट और नागरिक संतुष्टि से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि नगर निगम को प्रत्येक वार्ड में सफाई से संबंधित प्राप्त शिकायतों, उनके निराकरण और लंबित मामलों की स्थिति भी सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही हर वार्ड के लिए सफाई का समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया जाना चाहिए।

उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने की घोषणा तभी सार्थक होगी, जब शहर के हर वार्ड और हर गली में स्वच्छता दिखाई दे। जिस गली में आज भी कचरा पड़ा है, वहां रहने वाले नागरिकों का सीधा सवाल है कि आखिर उनकी गली की सफाई कब होगी?

Related Articles

Back to top button