बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शराब पीने के बाद हुए विवाद में हत्या के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले के दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने विवाद के दौरान लोहे के पाइप से हमला कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस की विस्तृत विवेचना, तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला साबित हुआ।
शराब भट्ठी के पास हुआ था विवाद
मामला 10 जून 2025 का है। लोहारा निवासी मोहित निषाद ने थाना डौंडी लोहारा में सूचना दी थी कि विजय बघेल का ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो के साथ शराब भट्ठी लोहारा के पास विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने लोहे के पाइप से विजय के सिर और माथे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
लोहे का पाइप किया गया था जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध दर्ज किया और जांच शुरू की। विवेचना के दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप को जब्त कर उसकी रासायनिक जांच कराई गई। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों को मृत्यु का कारण बताया गया और मौत को हत्यात्मक प्रकृति का पाया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह और उनकी टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और मैदानी विवेचना की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
विशेष लोक अभियोजक ने की पैरवी
मामले की सुनवाई के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने प्रकरण में पैरवी की। करीब डेढ़ साल पुराने इस हत्या के मामले में अदालत के फैसले के बाद पीड़ित पक्ष को न्याय मिला है।