
रायपुर । राजधानी रायपुर के श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने समाज की परोपकार, रोजगार सृजन और जनसेवा की परंपरा की सराहना की। कार्यक्रम में घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण भी किया गया।
महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों से मिलती है प्रेरणा: राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और श्री अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने दानशीलता, परोपकार और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का संदेश दिया था। उनका ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता का बेहतरीन उदाहरण है।
राज्यपाल ने कहा कि अग्रवाल समाज व्यापार और उद्योग के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। समाज के लोगों द्वारा स्थापित उद्योगों से रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने नई पीढ़ी से पारंपरिक मूल्यों को अपनाने और ज्ञान के साथ परोपकार की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
5 लाख करोड़ से 75 लाख करोड़ रुपये तक जीएसडीपी पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित राज्य के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड में योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की जीएसडीपी को 5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वनोपज, बिजली और पानी जैसे संसाधनों से समृद्ध है। इन संभावनाओं का उपयोग कर उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने में अग्रवाल समाज महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज स्वास्थ्य शिविर, गौसेवा, धर्मशाला निर्माण, सामूहिक विवाह और निःशुल्क शिक्षा जैसे कार्यों के माध्यम से समाजसेवा में लगातार आगे रहता है। गौमाता के उपचार के लिए एम्बुलेंस की शुरुआत भी इसी सेवा भावना का उदाहरण है।
घायल गौमाता के इलाज के लिए एम्बुलेंस की शुरुआत
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के दौरान गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। यह एम्बुलेंस अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित होगी और घायल गौमाता के उपचार के लिए उपलब्ध रहेगी। इसके लिए जारी मोबाइल नंबर 8109002139 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रतिभावान बच्चों और युवाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और त्रैमासिक पत्रिका ‘अग्रपुष्प’ के प्रथम अंक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ और युवाओं को ‘अग्र गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एडीआर ग्रुप के चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




