छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सेवा और सुशासन के 25 साल देश के लिए प्रेरणादायी, विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की होगी अहम भूमिका: CM विष्णु देव साय

सेवा संकल्प कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं, नक्सलवाद के कमजोर पड़ने से बस्तर में विकास को मिल रही गति; महतारी वंदन, किसान कल्याण और गरीबों के आवास पर दिया जोर

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना देश के लिए प्रेरणादायी रही है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। छत्तीसगढ़ भी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को रायपुर में एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प कॉन्क्लेव–जनसेवा का संकल्प, छत्तीसगढ़ का भविष्य’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, गरीबों को आवास उपलब्ध कराने और बस्तर में शांति स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं और विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने हासिल की नई पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जनसेवा की अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने गुजरात में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विकास की नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र देश की विकास यात्रा का आधार बना है। प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ अपने कार्य अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर और दूरस्थ क्षेत्रों से भी आत्मीय जुड़ाव रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर मुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान देश की वैक्सीन निर्माण क्षमता और दूसरे देशों तक सहायता पहुंचाने के प्रयासों को भी भारत की वैज्ञानिक क्षमता और सेवा भावना का उदाहरण बताया।

नक्सलवाद के कमजोर पड़ने से बस्तर में विकास के नए रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर के विकास में बड़ी बाधा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा सुरक्षाबलों के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले विकास कार्य पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर को शांति, विश्वास और विकास के नए दौर से जोड़ना है, ताकि वहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।

विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है। यहां कोयला, लौह अयस्क, टिन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग कर औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खनिज राजस्व बढ़ाने के साथ शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर काम कर रही है। इसके लिए डिजिटलीकरण और तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मेहनती नागरिक और उपलब्ध प्राकृतिक संसाधन राज्य की ताकत हैं। सरकार का प्रयास है कि इनका उपयोग आर्थिक विकास को गति देने और प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए किया जाए।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना की 32वीं किस्त एक दिन पहले दुर्ग से जारी की गई थी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, घरेलू जरूरतों, बचत और आजीविका से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। कुछ महिलाएं बचत से सिलाई मशीन जैसे साधन खरीदकर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं, जबकि कुछ अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना भी है।

किसानों की आय और कृषि विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और किसानों की समृद्धि राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिए जाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं स्वीकृत किए जाने का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार उन्नत बीज, खाद और अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाकर किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर करना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।

गरीब परिवारों के पक्के आवास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पक्के मकान, शौचालय और रसोई गैस जैसी सुविधाओं से लोगों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और सहूलियत बढ़ती है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी देने का निर्णय लिया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को विकास के अवसर उपलब्ध कराना शासन की नीतियों का केंद्र है।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान

सेवा संकल्प कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और विशिष्टजनों को सम्मानित किया। उन्होंने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्य गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन जी महाराज सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजन और एशियन न्यूज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button