
महासमुंद। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कर्मा विद्यालय के विद्यार्थियों ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वरिष्ठजन सेवा सदन में निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात की। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके जीवन के अनुभवों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन से जुड़े अनुभवों को जाना। छात्रों ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, अपनत्व और सेवा भावना व्यक्त की। इस अवसर पर बुजुर्गों के चेहरे पर भी खुशी और अपनत्व की झलक देखने को मिली।
माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन की संचालिका श्रीमती उषा साहू ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संस्कार और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण सीख का माध्यम हैं। वृद्धजनों की सेवा और सम्मान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से वरिष्ठजनों को सम्मान और अपनत्व का अनुभव होता है, वहीं बच्चों में संवेदनशीलता, संस्कार एवं सेवा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने वृद्धजनों के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित करने पर कर्मा विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्री शैलेंद्र कुमार पटले, प्राचार्य आत्मानंद विद्यालय समोदा, विद्यालय संचालक श्री नंदकुमार साहू, डॉ. जितेंद्र साहू, संचालक श्री श्याम हॉस्पिटल, श्री रामकृत साहू, श्रीमती नम्रता देवांगन, प्राचार्य, शिक्षकगण सहित पूजा साहू, टिकेश्वरी मानिकपुरी, श्रीमती सुमन चक्रधारी, वंदना साहू, संजना साहू, इंदु साहू, पुष्पा साहू, सावित्री साहू, पूर्णिमा साहू तथा केयरटेकर श्रीमती सरोजनी सोनी एवं श्रीमती यशोदा सेन की सहभागिता रही।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि वरिष्ठजनों का सम्मान और उनकी सेवा समाज की साझा जिम्मेदारी है तथा उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए अमूल्य विरासत हैं।




