छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सड़क निर्माण की शिकायतों की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित, तीन दिन में देगी रिपोर्ट

रायपुर, । राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति को पूरे मामले की तकनीकी एवं विभागीय स्तर पर जांच कर तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच समिति में मुख्य अभियंता श्री व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता श्री राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता श्री प्रभात सक्सेना और श्री सी.एस. ओगरे को शामिल किया गया है।

निर्माण गुणवत्ता के तकनीकी मानकों की होगी जांच

समिति दोनों सड़क परियोजनाओं में निर्माण कार्य की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी। इसमें जीएसबी (GSB), डब्ल्यूएमएम (WMM), सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की निर्धारित मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल एवं अंडुलेशन सहित अन्य तकनीकी मानकों का परीक्षण शामिल है। आवश्यकतानुसार निर्माण सामग्री एवं सड़क की गुणवत्ता की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।

इसके साथ ही समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित कार्यपालन एजेंसी की भूमिका का भी परीक्षण करेगी। शिकायतों में लगाए गए आरोपों के आधार पर वित्तीय अनियमितता अथवा गुणवत्ता से संबंधित किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने और नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में समिति अपनी अनुशंसा देगी।

सड़क सुरक्षा और अधूरे कार्यों पर भी रहेगा फोकस

जांच के दौरान उन स्थानों की स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा, जहां सड़क को उखाड़कर काम अधूरा छोड़ा गया है। विशेष रूप से डोंगरगांव-कुमरदा सहित प्रभावित हिस्सों में आम लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक मरम्मत, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी समिति रिपोर्ट देगी।

विभाग ने समिति को निर्धारित समय-सीमा में जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button