
रायपुर। छत्तीसगढ़ OBC कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में वार रूम का गठन किया है। यह वार रूम प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा।
वार रूम के माध्यम से प्रदेशभर में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन के गठन, अभियानों, कार्यक्रमों और संचार समूहों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही जिलों से संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश और समन्वय का कार्य किया जाएगा।
प्रदेश OBC कांग्रेस के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा तथा OBC वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। वार रूम संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि मजबूत संगठन ही प्रभावी जनसंपर्क का आधार है। वार रूम के जरिए सभी जिलों में OBC कांग्रेस की गतिविधियों को गति दी जाएगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद व समन्वय स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश OBC कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री शीत श्रीवास, प्रदेश उपाध्यक्ष मित्रभान साहू, प्रदेश सचिव दीपक सिन्हा सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं रायपुर शहर जिला OBC कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण सेन और रायपुर ग्रामीण जिला OBC कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश साहू भी उपस्थित रहे।




