देश

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में पीओके चुनाव को बताया दिखावा

नई दिल्ली । भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हो रहे स्थानीय चुनावों को पूरी तरह दिखावा करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी कवायदें वहां की हकीकत को छिपा नहीं सकतीं।
नयी दिल्ली, चार अगस्त भारत ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में “तथाकथित” स्थानीय चुनाव “पूरी तरह से दिखावा” हैं और ऐसी खोखली कवायदें उस इलाके की “हकीकत” को छिपा नहीं सकतीं। विदेश मंत्रालय ने पीओके में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पाकिस्तान सरकार की कठोर कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और कहा कि दुनिया को मानवाधिकारों पर इस्लामाबाद के पाखंडी उपदेशों की “खोखली परतों” को समझना चाहिए। पीओके में बढ़ती महंगाई, कथित प्रशासनिक उदासीनता, राजनीतिक भेदभाव और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचारों को लेकर जून की शुरुआत से बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी नियमित प्रेस वार्ता में कहा, “पीओके में तथाकथित स्थानीय चुनाव पूरी तरह से दिखावा हैं। असल स्थिति यह है कि वहां बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और पाकिस्तानी बलों की ओर से अंधाधुंध हत्याएं की जा रही हैं। ऐसी खोखली कवायदें सच्चाई को छिपा नहीं सकतीं।” उन्होंने कहा, “इस साल जून से की जा रही कार्रवाई में कम से कम 90 आम नागरिकों की जान गई है।” जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तानी प्रतिष्ठान ने जनता की नाराजगी का जवाब गोलियां चलाकर, बिजली काटकर, डरा-धमकाकर और दमन करके दिया है और अब वह एक खोखली चुनाव प्रक्रिया के जरिये अपनी वैधता साबित करने की कोशिश कर रहा है।

Related Articles

Back to top button