दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: आईएसआई के इशारे पर दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम, 4 आतंकी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब और दिल्ली से 4 आंतकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर यानी वहां बैठे अपने आकाओं के इशारे पर राजधानी को दहलाने की साजिश रच रहे थे। पकड़े गए आतंकियों के पास से तुर्की की बनी जिगाना पिस्टल समेत 2 विदेशी पिस्टल, 9 कारतूस और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
स्थानीय युवाओं को जाल में फंसाया
स्पेशल सेल के अधिकारियों के मुताबिक पुलिस टीम को तकनीकी और खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दिल्ली एनसीआर में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके लिए उसने पंजाब के स्थानीय युवाओं को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया था।
छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। सबसे पहले पंजाब के अमृतसर से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 सेमी-आटोमैटिक पिस्टल, 5 कारतूस और 2 मोबाइल मिले। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह पाकिस्तानी नेटवर्क के सीधे संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व ड्रग्स की खेप लेता था।
ड्रोन से मंगवाते थे हथियार
शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पंजाब से उसके 2 और साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को दबोच लिया गया। इनके पास से जिगाना पिस्टल और 4 कारतूस बरामद हुए। इसी कड़ी में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गगनप्रीत नाम के चौथे आतंकी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक सबूत मिले हैं।
धार्मिक स्थलों की कर चुके थे रेकी
पकड़े गए आरोपियों में से गगनप्रीत को पाकिस्तानी आकाओं ने बेहद खतरनाक काम सौंपा था। वह दिल्ली में पुलिस स्टेशनों, पुलिस चौकियों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर चुका था। रेकी करने का मतलब है कि वह इन जगहों की सुरक्षा व्यवस्था को गुपचुप तरीके से परख रहा था। वह इनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। उसे दिल्ली में किसी जगह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का काम भी दिया गया था। पुलिस अब इन सभी से आगे की पूछताछ कर रही है।




