देशव्यापार

सोने की कीमतों में गिरावट, 500 रुपये सस्ता हुआ गोल्ड; चांदी के भाव में लगातार दूसरे दिन स्थिरता

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में कमजोर रुझानों और अमेरिकी डॉलर की स्थिरता के चलते घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 500 रुपये टूटकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले सोमवार को सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

वहीं, चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में कोई बदलाव नहीं हुआ। चांदी 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की चमक फीकी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड करीब 1 प्रतिशत गिरकर 4,113.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और यह 52.77 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

क्यों गिर रहे हैं सोने के दाम?

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर की स्थिरता और वैश्विक बाजार में सोने की कमजोर मांग ने कीमतों पर दबाव बनाया है। इसके अलावा दिवाली के दौरान खरीदारी अपेक्षाकृत कम रहने से घरेलू बाजार में भी सोने को त्योहारों की मांग का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में महंगाई के अहम आंकड़े जारी होने से पहले कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने महंगाई संबंधी चिंताओं को कुछ कम किया है। ब्रेंट क्रूड करीब 3 प्रतिशत गिरकर 89.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों, डॉलर की चाल, कच्चे तेल की कीमतों और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर संभावित फैसलों पर निर्भर करेगी।

फिलहाल निवेशकों की नजर वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर टिकी हुई है। इनके आधार पर ही कीमती धातुओं के बाजार में आगे उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button