छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

बस्तर में पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 99 का ब्रेक इन सर्विस और 17 निलंबित; 136 पटवारी हड़ताल पर

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच बस्तर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राज्य शासन के निर्देश पर 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित किया गया है। वहीं, 17 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है।

जिले के 136 पटवारी हड़ताल पर

अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के अनुसार बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए, जबकि 44 पटवारी अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर

तहसीलवार कार्रवाई में जगदलपुर और बस्तर सबसे अधिक प्रभावित रहे। जगदलपुर तहसील के 26 पटवारियों में से 25 हड़ताल पर हैं। इनमें 23 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन किया गया है। वहीं बस्तर तहसील के सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने यहां सभी 16 का ब्रेक इन सर्विस करते हुए 2 को निलंबित किया है।

अन्य तहसीलों में भी हुई कार्रवाई

प्रशासन की कार्रवाई का असर जिले की अन्य तहसीलों में भी देखने को मिला।

  • भानपुरी: 14 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और 2 निलंबित।

  • बकावण्ड: 13 का ब्रेक इन सर्विस और 1 निलंबित।

  • लोहण्डीगुड़ा: 11 का ब्रेक इन सर्विस और 2 निलंबित।

  • करपावण्ड: 10 का ब्रेक इन सर्विस और 1 निलंबित।

  • नानगुर: 7 का ब्रेक इन सर्विस और 2 निलंबित।

  • तोकापाल: 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 निलंबित।

  • बास्तानार: 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 निलंबित।

  • दरभा: 1 का ब्रेक इन सर्विस और 1 निलंबित।

हड़ताल से राजस्व कार्य प्रभावित

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते राजस्व से जुड़े कामकाज पर असर पड़ रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई को हड़ताल समाप्त कर शासकीय कामकाज सामान्य करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद हड़ताली पटवारी काम पर लौटते हैं या आंदोलन जारी रखते हैं।

Related Articles

Back to top button