छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सरगुजा में 2 नवंबर को मनेगा राज्योत्सव 2026, कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे मुख्य अतिथि

सरगुजा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरगुजा जिला मुख्यालय में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसी विषय को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसर और प्रदेश के विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी।

समारोह में स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर तक सरगुजा जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। संबंधित विभागों को अपने बजट से इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तरीय राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button