छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सरगुजा के 11 गांवों को मिली बेहतर सड़क की सौगात, बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूरा

2.40 करोड़ रुपये की लागत से 2.20 किलोमीटर सड़क और 5 पुल-पुलियों का निर्माण, ग्रामीणों और किसानों को मिलेगी राहत

रायपुर । छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में सरगुजा जिले को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। लगभग 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति से तैयार 2.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से क्षेत्र के 11 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क के साथ पांच नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है, जिससे विशेषकर बारिश के दौरान आवाजाही आसान होगी।

239.82 लाख रुपये की मिली थी प्रशासकीय स्वीकृति

लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन ने बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की थी। निर्माण कार्य के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया।

परियोजना के तहत 2.20 किलोमीटर लंबी और 3.75 मीटर चौड़ी सड़क का डामरीकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त मार्ग पर पांच नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी पूरा किया गया है। इससे क्षेत्र के सड़क संपर्क को मजबूती मिली है और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।

11 गांवों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

इस मार्ग से जोरी, अम्बी, कर्री, पड़ौली, चेंगोरी, कुदर, चन्देश्वरपुर, बबौली, बिलमा, रघुपुर और देवसरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों के लिए विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा। विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बेहतर सड़क संपर्क से अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और स्थानीय बाजारों तक पहुंच अधिक सुगम होगी। पांच पुल-पुलियों के निर्माण से रास्ते में आने वाली बाधाओं को कम करने और वर्षा ऋतु में आवागमन बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

क्षेत्र में कृषि आजीविका का प्रमुख आधार है। सड़क निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजारों और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। साथ ही खाद, बीज, कृषि उपकरण और अन्य जरूरी सामग्रियों का परिवहन भी आसान होगा।

बेहतर सड़क सुविधा से यात्रा में लगने वाले समय और परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है। इसका लाभ स्थानीय व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों को भी मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूरा होने से सरगुजा के 11 गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिला है। यह सुविधा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी सहायक होगी।

Related Articles

Back to top button