छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सेवा सेतु पोर्टल से विवाह पंजीयन हुआ आसान, आवेदन के चार दिन में मिला प्रमाण-पत्र

खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के नवदंपति को मिली डिजिटल सेवा की सुविधा, ऑनलाइन प्रक्रिया से समय की बचत

रायपुर । छत्तीसगढ़ में डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी का उदाहरण खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के ग्राम ठाकुरटोला निवासी नवदंपति का विवाह पंजीयन है, जिसका आवेदन करने के महज चार दिन के भीतर अनुमोदन कर डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।

ग्राम ठाकुरटोला निवासी श्री गणपत धुर्वे एवं श्रीमती हंसलेखा धुर्वे का विवाह 27 मार्च 2026 को हुआ था। विवाह पंजीयन के लिए दंपति ने 16 अक्टूबर 2026 को लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। संबंधित विवाह पंजीयक कार्यालय ने 20 अक्टूबर 2026 को आवेदन अनुमोदित करते हुए डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी कर दिया।

विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त होने से दंपति को अपने विवाह का आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध हो गया है। यह प्रमाण-पत्र उन विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उपयोगी होगा, जहां विवाह के प्रमाण की आवश्यकता होती है।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक लोक सेवा केंद्रों पर ऑनलाइन आवेदन कर शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। गणपत धुर्वे और हंसलेखा धुर्वे का विवाह पंजीयन चार दिनों में पूरा होना डिजिटल व्यवस्था के जरिए नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने का उदाहरण है।

ऑनलाइन आवेदन से लेकर डिजिटल प्रमाण-पत्र जारी होने तक की इस प्रक्रिया से नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने और शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल बनाने में डिजिटल माध्यमों की उपयोगिता सामने आती है।

Related Articles

Back to top button