छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को बड़ी राहत, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद लिया फैसला, पेराई सत्र 2025-26 के भुगतान पर भी मिलेगा बढ़ी हुई दर का लाभ

रायपुर । छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य के शक्कर कारखानों में अब गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह फैसला भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद लिया। साथ ही, पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।

किसान हित में सरकार का अहम फैसला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।

किसानों की मांगों और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल पहल की और गन्ने की खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया। इस फैसले से प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

किसान परिवारों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अन्नदाताओं की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की बुनियाद है। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों।

उन्होंने कहा कि किसानों की जरूरतों और समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है। किसान हित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं, ताकि कृषि क्षेत्र को मजबूती मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का विकास हो।

केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को अपनी नीतियों और फैसलों के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। खेती मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की खुशहाली से ही छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का रास्ता खुलेगा।

भारतीय किसान संघ ने जताया आभार

प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि गन्ने की खरीदी दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने से प्रदेश के गन्ना उत्पादकों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।

इस मुलाकात के दौरान भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button