छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को मिले 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद रायपुर लौटा। दौरे के दौरान प्रदेश को 43,600 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं मिलीं। साथ ही कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण समझौते हुए।

सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने 100 मेगावाट क्षमता के कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डेटा सेंटर के लिए 41,750 करोड़ रुपये निवेश की प्रतिबद्धता जताई। वहीं सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण के लिए 1,500 करोड़ रुपये, जबकि वैलेंसी इंटरनेशनल ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया।

युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ सरकार ने आईटीई एजुकेशन सर्विसेज, सिंगापुर के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए समझौता किया। इसके तहत युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम किया जाएगा।

पर्यटन और हरित विकास पर भी जोर

दौरे के दौरान गार्डन्स बाय द बे और मंडाई वाइल्डलाइफ ग्रुप के साथ हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन को लेकर चर्चा हुई। नवा रायपुर में वनस्पति उद्यान और नंदनवन जंगल सफारी को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लगातार प्रयास करेगी। इससे प्रदेश में रोजगार, स्थानीय उद्योगों और किसानों के लिए नए अवसर बनने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button