अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच गोबरा नवापारा के सोमवारी बाजार पुल पर शनिवार को लोगों की भीड़ जुट गई। धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब नदी के पानी में बहकर आने की खबर फैलते ही लोग पुल और नदी किनारे पहुंचने लगे। कई लोग बहती बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की ओर पहुंच रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की संख्या बढ़ने लगी। कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तरीके अपनाकर नदी के किनारे और पुल के आसपास बहकर आ रही बोतलों को निकालने का प्रयास करते दिखे।
तेज बहाव के बीच बोतलें पकड़ने की होड़
महानदी में इस समय पानी का बहाव तेज है। इसके बावजूद कई लोग शराब की बोतलें निकालने के लिए नदी के बेहद करीब तक पहुंच गए। कुछ लोग पुल पर खड़े होकर पानी के बहाव पर नजर रखते रहे, तो कुछ ने जुगाड़ के जरिए बोतलें पकड़ने का प्रयास किया।
शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। तेज बहाव के बीच नदी के किनारे या पुल से नीचे झुककर बोतलें निकालने की कोशिश किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
प्रशासन की अपील के बावजूद जोखिम
महानदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
बाढ़ की स्थिति में नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बदल सकता है। ऐसे में बहकर आ रही किसी वस्तु को निकालने के लिए नदी के करीब जाना लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।




