
- आम आदमी पार्टी ने ई-20 पेट्रोल नीति के खिलाफ आयोजित किया “राष्ट्रीय टाउनहॉल” कार्यक्रम, रिकॉर्ड 7 लाख से अधिक लोगों ने जुड़कर किया समर्थन
- नेशनल टाउनहॉल लाइव विथ अरविंद केजरीवाल कार्यक्रम में अनेक वाहन मालिक और मैकेनिकों ने बताई E20 की खामियां
रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए इसे देश के करोड़ों वाहन मालिकों के साथ जबरन थोपने की साज़िश करार दिया है। आप नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार की ई-20 पेट्रोल नीति के खिलाफ राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में शनिवार को नई दिल्ली के काॅन्स्टिट्यूशन क्लब में “नेशनल टाउनहॉल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इसमें यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन रिकार्डेड 702195 से अधिक लोग जुड़े,यह नया गिनीज बुक है कि भारत में किसी भी सरकारी या राजनीतिक कार्यक्रम में इतने लोग जुड़े। छत्तीसगढ़ से भी हजारों आम जनता और आम आदमी कार्यकर्ता ऑनलाइन जुड़े,जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर भारी असंतोष है। टाउनहॉल के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े वाहन मालिकों और मैकेनिकों ने खुलकर बताया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से उनके वाहनों में इंजन खराब होना, माइलेज कम होना, पार्ट्स जल्दी घिसना और बार-बार मेंटेनेंस की समस्या सामने आ रही है। कई लोगों ने इसे आम आदमी की जेब पर सीधा हमला बताया।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त वैज्ञानिक तैयारी और ग्राउंड टेस्टिंग के E20 पेट्रोल को लागू करना जनता के साथ अन्याय है। पार्टी ने कहा कि सरकार ने वाहन कंपनियों और पेट्रोलियम कंपनियों के दबाव में आकर यह फैसला लिया है, जबकि इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पार्टी ने मांग की है कि जब तक E20 पेट्रोल पर व्यापक अध्ययन, पारदर्शी रिपोर्ट और सभी वाहनों के लिए सुरक्षित उपयोग की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक इसे लागू करना तुरंत रोका जाए और शुद्ध पेट्रोल का विकल्प दिया जाए। साथ ही जिन लोगों के वाहनों को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए।
आप नेताओं ने बताया कि E20 के खिलाफ देशभर से 2 लाख से ज्यादा पिटिशन लोगों द्वारा फ़ाइल की गई है। इनमें से चुनिंदा ऐसे 100 लोगों के साथ अरविंद केजरीवाल जी 4 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेंगे, जो जेल जाने को भी तैयार हैं। वहीं केजरीवाल जी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को E20 की खामियां बतायेंगे।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान नहीं लिया तो पार्टी छत्तीसगढ़ में भी चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगी।



