छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी बुजुर्ग उग्रसेन का सहारा, अब मिलेगा पेंशन योजना का लाभ

दो साल से पेंशन के लिए भटक रहे 62 वर्षीय हितग्राही की शिकायत का हुआ समाधान, खाते में पहुंचेगी पेंशन राशि

रायपुर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 अहम माध्यम बनकर सामने आ रही है। महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम केन्दुढार निवासी 62 वर्षीय उग्रसेन नंदे की लंबे समय से चली आ रही पेंशन संबंधी समस्या का अब समाधान हो गया है। शिकायत के निराकरण के बाद उनके लिए मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

उग्रसेन नंदे पिछले करीब दो वर्षों से वृद्धावस्था पेंशन के लिए ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत में आवेदन कर रहे थे। पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार प्रयासों के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने शुरू की कार्रवाई

शिकायत महासमुंद के समाज कल्याण विभाग तक पहुंचने के बाद उप संचालक संगीता सिंह ने मामले का तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय स्तर पर प्रकरण की जांच की गई, जिसमें उग्रसेन नंदे को मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए पात्र पाया गया।

इसके बाद उनके पेंशन प्रकरण को संबंधित समिति के समक्ष रखा गया और बैठक में अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई। पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

अब नियमित मिलेगी पेंशन

प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उग्रसेन नंदे को आगामी समय में मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत नियमित रूप से पेंशन का लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से पेंशन का इंतजार कर रहे उग्रसेन के लिए यह राहत की खबर है।

उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए राज्य शासन, प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत का समाधान होने से यह भी सामने आया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में शिकायत निवारण व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button