आसमान में दिखा 10000 किमी लंबा ‘प्रेत’! भारत से साउथ कोरिया तक सैलाब का खौफ, क्या आने वाली है कयामत?

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब ऐसा रूप ले लिया है, जिसने मौसम वैज्ञानिकों का भी ध्यान खींच लिया है. ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में करीब 7,000 से 10,000 किलोमीटर लंबी बादलों और बारिश की एक विशाल पट्टी दिखाई दी है. यह पट्टी उत्तर भारत से शुरू होकर हिमालय, चीन और दक्षिण कोरिया तक फैली हुई है. विशेषज्ञ इसे इस साल के मानसून के सबसे सक्रिय दौर का संकेत मान रहे हैं. इसके चलते आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में अच्छी और कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
पिछले दो दिनों के दौरान देश में हुई बारिश सामान्य दैनिक औसत की तुलना में करीब 170 से 180 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई है. यह इस मानसून सीजन का अब तक का सबसे मजबूत दौर माना जा रहा है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में कई इलाकों में अच्छी बारिश हो चुकी है. वहीं बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी है.
लगातार हो रही बारिश राहत जरूर लेकर आई है, लेकिन इसके साथ जोखिम भी बढ़ गया है. मौसम विभाग और प्रशासन की नजर उन इलाकों पर बनी हुई है, जहां भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़, शहरी जलभराव, भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है. विशेष रूप से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.




