अब फोनपे आप से वसूलेगा चार्ज, वॉलेट इस्तेमाल न करने से सीधे कट जाएंगे पैसे? यहां समझें नया नियम

नई दिल्ली। यदि आप भी डिजिटल पेमेंट के लिए फोनपे (PhonePe) का इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। कंपनी ने अपने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए ‘इनएक्टिविटी चार्ज’ (Inactivity Charge) वसूलने का फैसला किया है। नए नियमों के मुताबिक, अगर आपका फोनपे वॉलेट लंबे समय से निष्क्रिय (Inactive) है, तो अब आपको इसके लिए जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
फोनपे ने क्या कहा?
PhonePe द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के हिसाब से, जिन यूजर्स ने पिछले 1 साल (12 महीने) से अपने वॉलेट का कोई इस्तेमाल नहीं किया है, उनके वॉलेट को निष्क्रिय यानी कि इनएक्टिव माना जाएगा। ऐसे डॉर्मेंट (Dormant) यानी इनएक्टिव वॉलेट यूजर्स को ₹100 हर तिमाही (Every Quarter) इनएक्टिविटी फीस के रूप में चुकाने होंगे। लेकिन अगर आप तीन महीनों में एक बार भी वॉलेट का इस्तेमाल कर लेते हैं तो आपका वॉलेट एक्टिव माना जाएगा।
वॉलेट में पैसे नहीं होने पर क्या होगा?
कई यूजर्स के मन में ये सवाल है कि यदि उनके PhonePe Wallet में बैलेंस शून्य (Zero) है, तो क्या तब भी पैसे कटेंगे? कंपनी के मुताबिक, ये चार्ज केवल वॉलेट बैलेंस से ही काटा जाएगा। यदि आपके वॉलेट में पैसे नहीं हैं, तो आपका बैलेंस माइनस में नहीं जाएगा और न ही आपके लिंक किए गए बैंक खाते से कोई पैसा काटा जाएगा।
UPI और Wallet में क्या है फर्क?
फोनपे के इस अलर्ट के बाद कई लोग UPI और वॉलेट को लेकर उलझन में हैं। ऐसे में PhonePe ने दोनों के बीच का अंतर स्पष्ट किया है:
PhonePe Wallet: ये एक डिजिटल बटुआ है, जिसमें आपको पहले अपने बैंक खाते से पैसे लोड करने होते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए किसी पिन (PIN) की जरूरत नहीं होती और ये सीधे ऐप के जरिए काम करता है। नए नियम सिर्फ इसी वॉलेट पर लागू हैं।
UPI (Unified Payments Interface): इसके जरिए पैसा सीधे आपके बैंक खाते से कटता है और सीधे सामने वाले के बैंक खाते में जाता है। इसके लिए हर ट्रांजैक्शन पर यूपीआई पिन (UPI PIN) की जरूरत होती है। यूपीआई पूरी तरह एक्टिव रहेगा और इस पर कोई इनएक्टिविटी चार्ज नहीं है।
कंपनी ने किसे भेजा अलर्ट?
कंपनी ने उन सभी ग्राहकों को नोटिफिकेशन और ईमेल के जरिए अलर्ट भेजना शुरू कर दिया है, जिनके वॉलेट लंबे समय से बंद पड़े हैं। ऐसे में यदि आप इस ₹100 के चार्ज से बचना चाहते हैं, तो समय रहते अपने PhonePe वॉलेट से कोई भी एक छोटा-मोटा ट्रांजैक्शन (जैसे मोबाइल रिचार्ज या मर्चेंट पेमेंट) कर लें। ऐसा करने से आपका वॉलेट दोबारा एक्टिव हो जाएगा और आप पेनल्टी से बच जाएंगे।




