PhonePe यूजर्स दें ध्यान, अब वॉलेट से ट्रांजैक्शन न करने पर कंपनी लेगी इतना शुल्क, जानें क्या हैं नए नियम

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे ने अपने वॉलेट यूजर्स के लिए एक नया नियम लागू किया है. ऐसे में अगर आप फोनपे का इस्तेमाल करते हैं तो यह नया नियम आपके लिए जानना बहुत जरूरी है. फोनपे के नए नियम के तहत, अब अगर कोई फोनपे वॉलेट लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करता है, तो उसे वॉलेट इनएक्टिविटी मेंटेनेंस फीस देनी पड़ सकती है. कंपनी ने इसके लिए 100 रुपये प्रति तिमाही का शुल्क तय किया है. आइए जानते हैं डिटेल्स.
फोनपे के अनुसार, अगर किसी यूजर ने पिछले 365 दिनों यानी एक साल के दौरान अपने फोनपे वॉलेट से कोई वित्तीय लेनदेन नहीं किया है, तो उसका वॉलेट इनएक्टिव माना जाएगा. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि केवल ऐप में लॉग-इन करना, UPI के जरिए भुगतान करना, मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, क्रेडिट कार्ड, लोन, इंश्योरेंस जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करना या KYC पूरा करना वॉलेट गतिविधि नहीं माना जाएगा. वॉलेट को सक्रिय बनाए रखने के लिए सीधे फोनपे वॉलेट से ट्रांजैक्शन करना जरूरी होगा.
अगर कोई वॉलेट इनएक्टिव पाया जाता है, तो फोनपे हर तिमाही 100 रुपये की मेंटेनेंस फीस वॉलेट बैलेंस से काटेगा. अगर वॉलेट में 100 रुपये से कम राशि मौजूद है, तो उपलब्ध पूरी रकम काट ली जाएगी और वॉलेट बैलेंस शून्य हो जाएगाहा लांकि कंपनी ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में वॉलेट बैलेंस निगेटिव नहीं होगा.
कंपनी ने क्यों लगाया नया फोनपे वॉलेट शुल्क
फोनपे का कहना है कि यह शुल्क प्लेटफॉर्म के रखरखाव, तकनीकी सुधार, बग फिक्स और बेहतर यूजर अनुभव सुनिश्चित करने के लिए लिया जा रहा है. कंपनी के अनुसार, निष्क्रिय वॉलेट्स को मैनेज करने और सिस्टम को अपडेट रखने में अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होती है.
कंपनी ने बताया कि किसी भी वॉलेट को इनएक्टिव घोषित करने और शुल्क काटने से पहले यूजर को 15 दिनों तक कई बार नोटिफिकेशन भेजे जाएंगे. इस दौरान अगर यूजर अपने फोनपे वॉलेट से कोई वित्तीय लेनदेन कर लेता है, तो वॉलेट की स्थिति फिर से एक्टिट हो जाएगी और कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.
यह नया नियम खासतौर पर उन यूजर्स को प्रभावित करेगा जो फोनपे वॉलेट में पैसे रखकर लंबे समय तक उसका इस्तेमाल नहीं करते. ऐसे में यूजर्स को सलाह दी जा रही है कि वह अपने वॉलेट की स्थिति नियमित रूप से जांचते रहें और जरूरत पड़ने पर समय रहते कोई ट्रांजैक्शन कर लें.




