वैभव सूर्यवंशी ने शून्य पर थमाया कैच, अंपायर ने दिया विवादित फैसला; अफगानी खिलाड़ी रह गए हैरान

इंडिया ए और अफगानिस्तान ए के बीच बुधवार को दांबुला में वनडे ट्राई सीरीज का मैच खेला जा रहा है। अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतने के बाद इंडिया ए को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन वह फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 28 गेंदों में 38 रन जुटाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। हालांकि, 15 वर्षीय सूर्यवंशी का एक समय शून्य पर पवेलियन लौटना तय लग रहा था मगर थर्ड अंपायर के विवादित फैसले से जीवनदान मिल गया। इस फैसले से अफगानिस्तान के खिलाड़ी हैरान रह गए थे।
सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी लेकिन वह ट्राई सीरीज में कुछ खास लय में नहीं दिखे। वह यहां एक भी अर्धशतक नहीं जड़ पाए। सूर्यवंशी साथ ही कंट्रोवर्सी में घिर गए। उनका पिछले मैच में श्रीलंका ए के खिलाड़ी से झगड़ा हो गया था। उन्होंने सुपर ओवर में हार के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हालमबागे को धक्का दिया, जो तीखी बहस के दौरान उनके बहुत करीब आ गए थे। हालमबागे ने युवा बल्लेबाज को उकसाया था। हालमबागे के खिलाफ मैच रैफरी प्रदीप जयप्रकाश ने कार्रवाई की। उन्हें क्या सजा मिली, यह स्पष्ट पता नहीं चला है। इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि सूर्यवंशी और उनके कप्तान तिलक वर्मा समेत अन्य भारतीय खिलाड़ियों को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया या उन पर आधिकारिक कार्रवाई की गई। तिलक समेत भारतीय खिलाड़ियों की अंपायरों के साथ लंबी बहस हुई थी और वे कम रोशनी में सुपर ओवर कराने पर जोर दे रहे थे।



