छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

मातर तिहार पर मंत्री गजेंद्र यादव ने किया गौमाता का पूजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर । छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़े पर्व मातर तिहार के अवसर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने विधि-विधान के साथ गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मातर तिहार के अवसर पर समाजजनों की मौजूदगी में मंत्री यादव ने पारंपरिक दोहे गाकर गौमाता को सोहाई बांधी और पूरे विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान पर्व की पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।

गौसेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मातर तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा विशेष पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों, सामाजिक एकजुटता और गौवंश के प्रति सम्मान एवं सेवा का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि यादव समाज में गौपालन और गौसेवा का विशेष महत्व रहा है। गौमाता ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि संस्कृति और जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका संरक्षण और सेवा हमारी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है।

पूर्वजों की परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर है मातर तिहार

मंत्री यादव ने कहा कि मातर तिहार केवल एक धार्मिक आयोजन या उत्सव नहीं है, बल्कि यह अपनी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है। इस पर्व पर पारंपरिक दोहे गाने, सोहाई बांधने और सामूहिक गौपूजन की परंपरा छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की जीवंतता को दर्शाती है।

नई पीढ़ी को भी परंपराओं से जोड़ना जरूरी

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के सभी लोगों को अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी इन परंपराओं से जोड़ना चाहिए, ताकि हमारी संस्कृति, सामाजिक एकता और पारंपरिक मूल्य आने वाले समय में भी कायम रहें।

मातर तिहार के अवसर पर गौपूजन के माध्यम से मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेशवासियों को संस्कृति, परंपरा और गौसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button