
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन का आगाज 22 अक्टूबर से होने जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस लीग में छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली फ्रेंचाइजी आधारित टीमें हिस्सा लेंगी। लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव देने के साथ उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
पहले मैच में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स की भिड़ंत
लीग का उद्घाटन मुकाबला 22 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच खेला जाएगा। इससे पहले शाम 5:30 बजे महिला प्रदर्शनी मैच का आयोजन होगा।
इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
सरदार सिंह बने लीग के एंबेसडर
भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि लीग में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ में हॉकी के विकास को नई गति मिलेगी।
132 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दम
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनका चयन व्यापक ट्रायल के बाद किया गया है। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ियों के साथ राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
लीग में ओलंपियन सुरेंदर कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सभी छह टीमों के कोच और मैनेजर
लीग के लिए छहों फ्रेंचाइजी के कोचिंग स्टाफ और टीम मैनेजर नियुक्त किए गए हैं।
- न्यायधानी नाइट्स: मुख्य कोच रजनीश मिश्रा, सहायक कोच मृणाल चौबे, टीम मैनेजर गोपेश्वर कहारा।
- मैनपाट टाइटन्स: मुख्य कोच राजिंदर सिंह जूनियर, सहायक कोच अमिताभ मानिकपुरी, टीम मैनेजर दीपेश चौबे।
- चक्रधर चैंपियंस: मुख्य कोच देवेश चौहान, सहायक कोच रवि पारीक, टीम मैनेजर धनीराम यादव।
- राजधानी रॉयल्स: मुख्य कोच अजितेश रॉय, सहायक कोच रश्मि संध्या एक्का, टीम मैनेजर अनीस अहमद।
- संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: मुख्य कोच अजय कुमार, सहायक कोच अनुराज श्रीवास्तव, टीम मैनेजर योगेश द्विवेदी।
- बैलाडीला बुल्स: मुख्य कोच एमडी रियाज़, सहायक कोच राकेश टोप्पो, टीम मैनेजर जहांगीर खान।
आयोजकों के अनुसार, सहायक कोच के रूप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों और विशेषज्ञों को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि प्रदेश में जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने की मजबूत व्यवस्था विकसित हो सके।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पूरा कार्यक्रम
22 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: महिला प्रदर्शनी मैच
- शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम न्यायधानी नाइट्स
23 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: मैनपाट टाइटन्स बनाम बैलाडीला बुल्स
- शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
24 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम चक्रधर चैंपियंस
- शाम 7:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
25 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम बैलाडीला बुल्स
- शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
26 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम बैलाडीला बुल्स
- शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम मैनपाट टाइटन्स
27 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम चक्रधर चैंपियंस
- शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
28 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
- शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम बैलाडीला बुल्स
29 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
- शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम बैलाडीला बुल्स
30 अक्टूबर: विश्राम दिवस
31 अक्टूबर
- शाम 5:30 बजे: पहला सेमीफाइनल
- शाम 7:30 बजे: दूसरा सेमीफाइनल
1 नवंबर
- शाम 7 बजे: फाइनल मुकाबला
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ से जुड़ेगा प्रदेश
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। यह लीग प्रदेश की खेल संस्कृति, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह को बढ़ावा देने का प्रयास है।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा, अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्रदेश में हॉकी के बुनियादी ढांचे और प्रतिभा विकास को मजबूती मिलेगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन राज्य में हॉकी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 22 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन मुकाबले और 1 नवंबर के खिताबी मैच पर रहेंगी।




