छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

दिवाली से पहले PWD के 202 श्रमिकों की छंटनी का प्रस्ताव, विधायक संगीता सिन्हा ने उठाया रोजगार का मुद्दा

रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) दुर्ग परिक्षेत्र में 202 श्रमिकों की प्रस्तावित छंटनी का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर संजारी बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली और राज्योत्सव के दौरान श्रमिकों को रोजगार से हटाने का फैसला उनके परिवारों की आजीविका को प्रभावित करेगा।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 तक दुर्ग परिक्षेत्र के विभिन्न संभागों में 971 श्रमिक कार्यरत थे। 29 अक्टूबर की स्थिति में इनमें से 202 श्रमिकों की कटौती का प्रस्ताव सामने आया है। इसके बाद श्रमिकों की संख्या 769 रह जाएगी।

सबसे अधिक 107 श्रमिकों की कटौती दुर्ग संभाग में प्रस्तावित है। वहीं बेमेतरा में 44, राजनांदगांव में 22, कवर्धा में 16 और बालोद संभाग में 13 श्रमिकों को हटाने का प्रस्ताव है।

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि वर्ष 2021 से कार्यरत कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया चिंताजनक है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से श्रमिकों के रोजगार और परिवारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के मंच से भी उन्होंने कर्मचारियों को रोजगार से नहीं हटाने की अपील की थी। अब विभागीय आंकड़ों में छंटनी का प्रस्ताव सामने आने के बाद श्रमिकों और उनके परिवारों में चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button