
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में बिजली बिल जनता के लिए राहत नहीं, बल्कि आर्थिक बोझ और वसूली का माध्यम बन गया है। महतारी वंदन योजना की राशि देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार अब बिजली बिल के जरिए उन्हीं परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। अनाप-शनाप बिजली बिलों से पहले ही परेशान उपभोक्ताओं को अक्टूबर माह के बिजली बिल में अतिरिक्त सुरक्षा निधि जोड़कर नया झटका दिया गया है। भाजपा सरकार में त्योहारों के मौसम में भी जनता से महतारी वंदन वसूली बंद नहीं हुई है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार में आम परिवारों को घर की जरूरतों, पूजन सामग्री, खाद्य तेल, दाल, चावल, शक्कर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करनी पड़ती है। महंगाई ने पहले ही आम आदमी का बजट बिगाड़ रखा है। ऐसे समय में सरकार को जनता को राहत देनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार अतिरिक्त सुरक्षा निधि के नाम पर बिजली उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाल रही है। डबल इंजन की सरकार में जनता के लिए त्योहार मनाना भी मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर घरेलू बजट पर लगातार बढ़ते बिजली बिलों का बोझ महिलाओं और परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर कर रहा है। कांग्रेस सरकार ने आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू की थी। इससे लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिला और पांच साल तक बिजली खर्च में बड़ी बचत हुई। भाजपा सरकार ने इस राहत को प्रभावी रूप से जारी नहीं रखा और अब उपभोक्ताओं को अतिरिक्त वसूली का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि दीपावली त्यौहार में अक्टूबर के बिजली बिल में अतिरिक्त सुरक्षा निधि जोड़ने की आवश्यकता क्यो पड़ी है? सरकार जनता को जवाब दे, विज्ञापनों के जरिए अपनी उपलब्धियां गिनाने से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी दूर नहीं होगी। बिजली बिल में जोड़ी गई अतिरिक्त सुरक्षा निधि की अनुचित वसूली तत्काल वापस की जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ पुनः दिया जाए और त्योहार के समय आम उपभोक्ताओं पर डाले जा रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत दी जाए। भाजपा सरकार बिजली बिल के नाम पर जनता की जेब काटना बंद करे।




