छत्तीसगढ़राज्य

भिलाई: गद्दे और फोम से भरी फैक्ट्री में लगी आग, चपेट में आईं कई कारें, लाखों का नुकसान

Bhilai News: दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार सुबह एक फोम फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में फैक्ट्री में रखा गद्दा, फोम, लकड़ी और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। परिसर में खड़ी दो से तीन चारपहिया गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

नंदिनी रोड स्थित फैक्ट्री में लगी आग

जानकारी के अनुसार, जामुल थाना क्षेत्र के नंदिनी रोड पर करुणा अस्पताल के पीछे संचालित जगदंबा फोम फर्नीचर फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आग लगी। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।

भिलाई स्टील प्लांट से भी बुलाई गई दमकल टीम

सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और जिला दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए भिलाई स्टील प्लांट से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। फोम और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फैक्ट्री के अंदर तक पानी पहुंचाने के लिए दमकल टीम को पीछे की दीवार तक तोड़नी पड़ी। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू और अग्निशमन अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के मुताबिक, पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में फैक्ट्री के सामान और वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button