
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। इसी सिलसिले में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर यह समझने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ उनके दैनिक जीवन में किस तरह बदलाव ला रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बन रहे मकान का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही इन्द्र कुमार के निर्माणाधीन पक्के मकान की प्रगति देखी।
वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत इस आवास के निर्माण हेतु हितग्राही परिवार को 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही परिवार को मनरेगा के माध्यम से 90 दिनों के रोजगार का भी लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
एक योजना नहीं, कई योजनाओं से परिवार को मिला सहारा
हितग्राही परिवार की हेमेश्वरी ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ को साझा करते हुए बताया कि अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से उनके परिवार की जीवन परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से परिवार को सुरक्षित और पक्का घर मिलने की उम्मीद पूरी हुई है। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन से खाना बनाने के दौरान धुएं से राहत मिली। जल जीवन मिशन के जरिए घर तक नल से पानी पहुंचने से पेयजल की समस्या भी काफी हद तक दूर हुई है।
इसके अलावा महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता को उन्होंने घरेलू जरूरतों और बच्चों की देखभाल में उपयोगी बताया। उनके अनुसार इन योजनाओं ने परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूती देने में मदद की है।
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
हितग्राहियों से बातचीत के बाद मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास, स्वच्छ पेयजल, गैस कनेक्शन और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं एक साथ मिलती हैं, तो इसका सीधा असर परिवार के जीवन स्तर पर दिखाई देता है।
मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखने की बात कही।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी
दौरे के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और योजनाओं से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। भ्रमण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति को मौके पर जाकर समझना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा।




