एशियन गेम्स में भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया को हराकर जीता रिकर्व गोल्ड
अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड़ की तिकड़ी ने 5-3 से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

नागोया । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने इतिहास रच दिया है। महिला रिकर्व टीम के फाइनल में अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड़ की तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला एशियन गेम्स गोल्ड है।
पहली बार फाइनल में पहुंचकर जीता गोल्ड
भारतीय महिला रिकर्व टीम इससे पहले एशियन गेम्स के इस इवेंट के फाइनल में नहीं पहुंची थी। इस बार टीम ने सेमीफाइनल में चीन को 5-1 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई और फाइनल में दक्षिण कोरिया को मात देकर इतिहास रच दिया।
कुमकुम ने दबाव में दिखाया दम
फाइनल में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले दो सेट बराबरी पर रहे। तीसरे सेट में भारतीय तीरंदाजों ने 55 अंक जुटाकर बढ़त हासिल की, जबकि कोरियाई टीम 52 अंक ही बना सकी।
चौथे सेट में भी मुकाबला बेहद करीबी रहा। भारत ने 54 अंक बनाए और सेट ड्रॉ रहने के साथ ही 5-3 से स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। 17 वर्षीय कुमकुम मोहोड़ ने निर्णायक मौकों पर शानदार निशाने लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दक्षिण कोरिया का लंबा दबदबा हुआ खत्म
दक्षिण कोरिया ने 1998 से एशियन गेम्स में महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में लगातार सात स्वर्ण पदक जीते थे। भारतीय टीम की इस जीत के साथ उसका लगातार खिताब जीतने का सिलसिला थम गया।
भारत के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम ने पहली बार इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर सीधे स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है।




