छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

रायपुर में गणेश झांकी सम्मान समारोह, विजेता समितियों को संतों ने किया सम्मानित

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित मां भारती विद्यालय (मच्छी तालाब) में गुरुवार, 1 अक्टूबर को अखिल भारतीय संत समिति के तत्वावधान में भव्य गणेश झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गणेशोत्सव के दौरान शहर में आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करने वाली विभिन्न समितियों को सम्मानित कर उनकी कला और मेहनत का उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास, शक्तिधाम के पीठाधीश्वर संत दिवाकर दास महाराज तथा भाजपा नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी बसंत अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संतों के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता में झांकियों की सजावट, विषय-वस्तु, धुमाल की प्रस्तुति, रचनात्मकता और समितियों के अनुशासन के आधार पर निर्णायक संजय अग्रवाल एवं अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने विजेताओं का चयन किया।

### श्री मनोकामना गणेशोत्सव समिति ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता में भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकी प्रस्तुत करने वाली श्री मनोकामना गणेशोत्सव समिति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समिति को शील्ड के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

मॉडल क्लब कांतारा की झांकी ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए 31 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से श्री विनायक गणेश उत्सव समिति की होली रासलीला झांकी और श्री आराध्या सुनीति मंडल की कल्कि अवतार झांकी रहीं। दोनों समितियों को सम्मान राशि एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अन्य उत्कृष्ट झांकियों को भी 3,100 रुपये और प्रतीक चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

### झांकियां हमारी संस्कृति और युवाओं की मेहनत का प्रतीक: बसंत अग्रवाल

भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने झांकी समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रायपुर की गणेश झांकियां केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और युवाओं की रचनात्मकता का प्रतीक हैं। कलाकार महीनों तक मेहनत कर अपनी कल्पनाओं को आकर्षक झांकियों का रूप देते हैं, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करती हैं।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय संत समिति का यह आयोजन कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने सभी विजेता समितियों और झांकियों के निर्माण में योगदान देने वाले कलाकारों को बधाई दी।

### नशामुक्त समाज बनाने का युवाओं से आह्वान

समारोह के दौरान बसंत अग्रवाल ने युवाओं से नशे और अन्य व्यसनों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश, समाज और संस्कृति का भविष्य हैं। नशे की लत व्यक्ति की प्रतिभा को प्रभावित करने के साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर डालती है। उन्होंने भगवान गणेश के आशीर्वाद से स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

वहीं, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिया सिंह ने सेवा संकल्प अभियान एवं नशामुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत गणेशोत्सव समितियों के युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

### बड़ी संख्या में शामिल हुए गणमान्य नागरिक

समारोह में श्यामू तिवारी, राकेश शर्मा, मनीष ठाकुर, देव नागरिया, सोमनाथ मिश्रा, शुभम यादव और राजा साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में झांकी कलाकार मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button