खेल

भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर जीता यूथ हॉकी 5एस का गोल्ड

मस्कट/नई दिल्ली भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी 5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। हॉकी इंडिया ने टीम की ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की भी घोषणा की।

फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। रोमित पाल ने पांचवें मिनट में पहला गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट और शाहरुख अली ने 13वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एकमात्र गोल किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने बढ़त बरकरार रखते हुए 3-1 से जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ भारत और पाकिस्तान दोनों ने पहली बार आयोजित होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी 5एस वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

वहीं महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर टीम ने चीन के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही भारत की दोनों टीमें पदक जीतकर स्वदेश लौटेंगी।

दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी इंडिया ने पुरस्कार की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं रजत पदक विजेता महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

Related Articles

Back to top button