रायपुर उत्तर में सन्नी अग्रवाल ने बढ़ाई सक्रियता, मोनू तिवारी की एंट्री से युवा कांग्रेस का चुनाव हुआ रोचक

कांग्रेस नेता सन्नी अग्रवाल ने अब रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की दिशा में सक्रियता बढ़ा दी है। इससे पहले वे लंबे समय तक रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहे और टिकट की दावेदारी भी की, हालांकि उन्हें टिकट हासिल नहीं हो सका। मूलतः रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के निवासी सन्नी अग्रवाल की बढ़ती सक्रियता को अब उनकी आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच उनके करीबी माने जाने वाले मोनू उर्फ अभिषेक तिवारी के उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में उतरने से राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
एनएसयूआई से जुड़े मोनू तिवारी शंकर नगर के निवासी हैं। रायपुर उत्तर में सन्नी अग्रवाल के खेमे से उनका नाम सामने आते ही युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का मुकाबला रोचक हो गया है। मैदान में अन्य दावेदारों की मौजूदगी के कारण यह चुनाव अब केवल संगठनात्मक पद की लड़ाई नहीं, बल्कि अलग-अलग राजनीतिक खेमों की ताकत की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।
मोनू तिवारी की चुनावी तैयारी के साथ ही सन्नी अग्रवाल ने भी रायपुर उत्तर में अपनी सक्रियता और संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे आने वाले विधानसभा चुनाव में रायपुर उत्तर से कांग्रेस टिकट की मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हैं।
यदि मोनू तिवारी युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव जीतने में सफल होते हैं, तो इसे रायपुर उत्तर में सन्नी अग्रवाल के खेमे की संगठनात्मक मजबूती के संकेत के रूप में भी देखा जाएगा। वहीं सन्नी अग्रवाल के समर्थकों में यह चर्चा भी है कि इस बार उन्हें पार्टी के कुछ बड़े नेताओं का समर्थन मिल सकता है और इसी सहारे वे टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश करेंगे। सनद रहे कि सन्नी अग्रवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अत्यंत करीबी है ।
यानी युवा कांग्रेस का यह चुनाव केवल मोनू तिवारी की परीक्षा नहीं है—इसके नतीजे रायपुर उत्तर में सन्नी अग्रवाल की भविष्य की राजनीतिक रणनीति के लिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।




