विदेश

जापान 20 अक्टूबर को लॉन्च करेगा मंगल के चंद्रमा से नमूने लाने वाला अंतरिक्ष मिशन

टोक्यो। जापान की अंतरिक्ष एजेंसी 20 अक्टूबर 2026 को एक महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन लॉन्च करने की तैयारी में है। इस मिशन का उद्देश्य मंगल ग्रह के दो छोटे चंद्रमाओं में से एक फोबोस से नमूने एकत्र कर पृथ्वी पर लाना है। यह अपनी तरह का पहला मिशन होगा, जिससे वैज्ञानिकों को मंगल के चंद्रमाओं की उत्पत्ति और सौर मंडल के शुरुआती इतिहास को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।

जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जाक्सा) के अनुसार, अंतरिक्ष यान को H-3 रॉकेट के माध्यम से तानेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित करने की योजना है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, लॉन्च भारतीय समयानुसार 20 अक्टूबर को सुबह 1 बजकर 11 मिनट पर होना है। यह मिशन लगभग पांच वर्षों तक चलेगा।

मंगल के चंद्रमाओं के अन्वेषण से जुड़े इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य फोबोस की सतह से नमूने जुटाना और उनका वैज्ञानिक विश्लेषण करना है। मिशन से मंगल के दूसरे चंद्रमा डीमोस के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इन नमूनों के अध्ययन से दोनों चंद्रमाओं के निर्माण और विकास से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना का नेतृत्व जापान कर रहा है। इसमें अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा समेत अन्य देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां उपकरणों और संचार के क्षेत्र में सहयोग कर रही हैं। भविष्य में फोबोस को मानवयुक्त मंगल अभियानों के लिए संभावित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने की संभावनाओं का अध्ययन भी इस मिशन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर किया जा सकता है।

1960 के दशक से मंगल ग्रह के लिए कई अंतरिक्ष अभियान भेजे जा चुके हैं, लेकिन उसके दोनों चंद्रमाओं के बारे में अब भी कई रहस्य बरकरार हैं। फोबोस और डीमोस के नाम ग्रीक पौराणिक कथाओं के पात्रों पर रखे गए हैं। जापान का यह मिशन इन रहस्यों को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयास माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button