छत्तीसगढ़ के 8,444 किसानों को मिलेगा 3.8 करोड़ का फसल बीमा क्लेम, मंत्री रामविचार नेताम ने दिए 3 दिन में भुगतान के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। उद्यानिकी फसलों के लंबित प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम का भुगतान आगामी तीन कार्य दिवस के भीतर किया जाएगा। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के निर्देश पर प्रदेश के 8,444 किसानों को लगभग 3.8 करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने 16 अक्टूबर को विभागीय अधिकारियों और बीमा अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र किसानों के स्वीकृत बीमा क्लेम का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
दरअसल, 15 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम चिद्दों के दौरे के दौरान किसानों ने मंत्री से उद्यानिकी फसलों के बीमा क्लेम का भुगतान नहीं होने की शिकायत की थी। किसानों ने लंबित राशि दिलाने का आग्रह किया, जिस पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अगले ही दिन संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई और भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विभागीय जानकारी के अनुसार, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2025 में कुल 10,514 किसानों ने 15,298 आवेदन प्रस्तुत किए थे। जांच के बाद 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन स्वीकृत प्रकरणों के तहत लगभग 3.8 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जाना है।
इस योजना के अंतर्गत टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया गया था। स्वीकृत क्लेम का भुगतान होने से संबंधित किसानों को राहत मिलेगी और खेती-किसानी से जुड़ी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।




