अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच गंगनहर रहेगी बंद, 18 दिन होंगे जरूरी काम

हरिद्वार। अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए ऊपरी गंगनहर की वार्षिक बंदी को मंजूरी दे दी गई है। उत्तर प्रदेश के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अनुसार, नहर को 20/21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि से 7/8 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि तक बंद रखा जाएगा।
इस दौरान नहर में मरम्मत, पुनर्स्थापना, सुदृढ़ीकरण और अन्य जरूरी अनुरक्षण कार्य कराए जाएंगे। पानी का बहाव बंद होने से उन निर्माण कार्यों को भी तेजी से पूरा करने का मौका मिलेगा, जो नहर में पानी रहने के कारण प्रभावित हो रहे थे।
घाट निर्माण में भी आएगी तेजी
अर्धकुंभ को देखते हुए हरिद्वार में गंगनहर के किनारे कई घाटों के निर्माण का काम प्रस्तावित है। नहर बंदी की अवधि में इन कार्यों को तेजी से पूरा करने की तैयारी की जा रही है। मेला प्रशासन ने संबंधित विभागों को दिन-रात काम कराकर निर्धारित कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों को हो सकती है परेशानी
गंगनहर में करीब 18 दिनों तक पानी का प्रवाह बंद रहने से सिंचाई पर निर्भर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग का प्रयास है कि बंदी की तय अवधि में मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि नहर को जल्द से जल्द दोबारा चालू किया जा सके।




