छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

रायपुर में संपत्तिकर पर 5% छूट का मौका, 16 से 30 सितंबर तक विशेष वसूली शिविर

रायपुर। नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष के संपत्तिकर और अन्य देय राजस्व की वसूली को लेकर विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी 10 जोनों में 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष राजस्व वसूली शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को संपत्तिकर का पूर्ण भुगतान करने पर मिलने वाली 5 प्रतिशत छूट का लाभ दिलाना और राजस्व वसूली को बढ़ाना है। शिविरों में नागरिकों को उनके संपत्तिकर, जलकर, यूजर चार्ज और अन्य देयकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा तत्काल भुगतान की सुविधा दी जाएगी।

सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक लगेंगे शिविर

निर्देश के अनुसार विशेष राजस्व वसूली शिविर 16 से 30 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। ऐसे वार्डों और क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां अधिक राजस्व वसूली की संभावना है। जरूरत के अनुसार जोन स्तर पर भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।

निगम मुख्यालय में भी मिलेगी भुगतान की सुविधा

नगर निगम मुख्यालय के प्रवेश द्वार के पास भी विशेष शिविर लगाया जाएगा। यहां राजस्व विभाग और बाजार विभाग का स्टाफ मौजूद रहेगा, ताकि नागरिक संपत्तिकर, बाजार शुल्क और अन्य देयकों का भुगतान आसानी से कर सकें। ऑनलाइन भुगतान को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

प्रचार-प्रसार और बकायादारों से संपर्क

नगर निगम द्वारा 5 प्रतिशत छूट और शिविर की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए मुनादी, पंपलेट, बैनर, होर्डिंग और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। जोन स्तर पर बकायादारों से फोन, व्हाट्सऐप और अन्य माध्यमों से संपर्क कर उन्हें समय सीमा के भीतर भुगतान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को शिविरों की नियमित निगरानी करने और प्रतिदिन की राजस्व वसूली की रिपोर्ट मुख्यालय के राजस्व विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निगम का लक्ष्य निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक करदाताओं को 5 प्रतिशत छूट का लाभ दिलाते हुए राजस्व वसूली अभियान को प्रभावी बनाना है।

Related Articles

Back to top button