देश

क्या गुजरात में होने वाला था बड़ा धमाका, एटीएस ने बिछाया जाल

अहमदाबाद। गुजरात में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकलने में अब बस 2 दिन का समय बाकी है। इस बड़े धार्मिक उत्सव से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। गुजरात एटीएस ने एक गुप्त अभियान के तहत 5 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी से फिलहाल कड़ी पूछताछ की जा रही है।

सिद्धपुर से पकड़ाए संदिग्ध

खुफिया विभाग को जानकारी मिली थी कि कुछ संगठन रथ यात्रा के दौरान राज्य की शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की योजना बना रहे हैं। जांच में पता चला कि इन लोगों के तार सिद्धपुर इलाके से जुड़े हुए हैं। इसके बाद एटीएस ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की और 5 लोगों को पकड़ लिया। एटीएस की टीम इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये लोग किसी बड़े आतंकी संगठन से जुड़े हैं।

अन्य शहरों में भी अलर्ट

रथ यात्रा 16 जुलाई को अहमदाबाद के अलावा भावनगर, वडोदरा, पाटन और राजकोट जैसे बड़े शहरों में भी निकाली जानी है। सुरक्षा को देखते हुए बनासकांठा जिले से भी 2 अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है। एटीएस की इस कार्रवाई से पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने रथ यात्रा के रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए एटीएस और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

Related Articles

Back to top button